चार्जशीट टाइम पर नहीं लगी तो डिफॉल्ट बेल कैसे मिलेगी: धारा 167(2) CrPC (अब 187 BNSS)
ज़्यादातर जमानत अदालत के विवेक पर होती है, लेकिन डिफॉल्ट जमानत अलग है। अगर पुलिस तय समय में जांच पूरी कर आरोप पत्र दाखिल नहीं करती, तो आरोपी को जमानत पर रिहा होने का अधिकार मिल जाता है, चाहे आरोप कितना भी गंभीर हो। सीधी बात: police time पर chargesheet file नहीं करती, तो bail आपका हक बन जाता है। सुप्रीम कोर्ट इसे अनुच्छेद 21 का हिस्सा मानता है।
कानून क्या कहता है
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 187(3), जो पुरानी CrPC की धारा 167 के समान है, के अनुसार जांच के दौरान हिरासत की सीमा है:
- मृत्यु, आजीवन कारावास या दस वर्ष या उससे अधिक की सज़ा वाले अपराध में 90 दिन;
- अन्य सभी अपराधों में 60 दिन।
पुरानी CrPC में "दस वर्ष से कम नहीं" लिखा था और सुप्रीम कोर्ट ने राकेश कुमार पॉल (2017) में इसे न्यूनतम सज़ा माना था। BNSS में "दस वर्ष या अधिक" लिखा है। अधिकतम दस वर्ष की सज़ा वाले अपराधों में 60 या 90 दिन का यह सवाल अभी पूरी तरह तय नहीं है।
अधिकार समय पर मांगना ज़रूरी
अवधि पूरी होने के बाद और आरोप पत्र दाखिल होने से पहले आवेदन देना होता है। अगर पुलिस पहले आरोप पत्र दाखिल कर दे, तो सामान्यतः यह अधिकार खत्म हो जाता है। इसलिए पहली रिमांड की तारीख पहले दिन ही नोट करें और ज़मानतदार पहले से तैयार रखें।
अधूरा आरोप पत्र
ऋतु छाबड़िया (2023) में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि केवल अधिकार खत्म करने के लिए दाखिल अधूरा आरोप पत्र डिफॉल्ट जमानत नहीं रोकता। बाद में CBI बनाम कपिल वधावन (जनवरी 2024) में कोर्ट ने कहा कि समय पर आरोप पत्र दाखिल होकर संज्ञान लिया जा चुका हो, तो केवल दूसरों के विरुद्ध आगे की जांच लंबित होने से डिफॉल्ट जमानत नहीं मिलती। हर मामले में दाखिल कागज़ और तारीखें ध्यान से देखनी होती हैं।
विशेष कानून
NDPS और UAPA जैसे कानूनों में कुछ स्थितियों में अभियोजक की रिपोर्ट पर अवधि बढ़ाई जा सकती है। ऐसे मामलों में यह देखें कि अवधि सही तरीके से बढ़ाई गई या नहीं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
डिफॉल्ट बेल के 60 या 90 दिन कब से गिनें?
मजिस्ट्रेट द्वारा पहली बार हिरासत की अनुमति देने की तारीख से, FIR की तारीख से नहीं।
चार्जशीट लग गई तो क्या डिफॉल्ट बेल मिलेगी?
तभी, जब आपने आरोप पत्र दाखिल होने से पहले आवेदन दे दिया हो। वरना सामान्यतः नियमित जमानत ही मांगनी होगी।
क्या गंभीर केस में भी डिफॉल्ट बेल मिलती है?
हां, यह मामले के गुण दोष पर नहीं, समय पर जांच पूरी न होने पर निर्भर करती है। कुछ विशेष कानूनों में अवधि लंबी हो सकती है।
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है, कानूनी सलाह नहीं। हर मामले का परिणाम उसके अपने तथ्यों और लागू नियमों पर निर्भर करता है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में आपराधिक मामले। हाई कोर्ट लखनऊ बेंच से जमानत।